मुख्यमंत्री ने की कुम्भ मेला 2027 के कार्यों की समीक्षा

देहरादून।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कुम्भ मेला 2027 के कार्यों की समीक्षा कर कहा कि कुंभ से संबंधित सभी तैयारियों को अक्टूबर माह तक पूरा किया जाए।
साथ ही कुंभ की आवश्यकताओं को देखते हुए सभी प्रकार के निर्माण कार्य तय सीमा में पूरे कर सभी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का भी विशेष ध्यान रखा जाए।
शासन स्तर पर कुंभ से संबंधित कोई भी कार्य/फाइल लंबित न रहे। किसी भी कार्य को लंबित रखने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि कुंभ मेले का भव्य दिव्य और सफल आयोजन हो। उन्होंने सचिव लोक निर्माण विभाग को अगले 24 घंटे के अंदर कुंभ मेले के लिए टेक्निकल पद के अधिकारियों की नियुक्ति के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुंभ क्षेत्र में बने सभी पुलों का ऑडिट किया जाए।
उन्होंने कहा कि मेला क्षेत्र की स्वच्छता के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाए। सभी प्रमुख स्थानों पर शौचालय और पेयजल की व्यवस्था हो। पर्याप्त मात्रा में सुरक्षा बलों, जल पुलिस की तैनाती हो। साथ ही सुरक्षा के मद्देनजर ड्रोन, सीसीटीवी, एवं अन्य आधुनिक उपकरणों का उपयोग भी हो। उन्होंने कहा कि मेले के दौरान कानून व्यवस्था, पार्किंग, भीड़ प्रबंधन की विस्तृत कार्ययोजना अलग से बनाई जाए। विधायक ज्वालापुर के प्रस्ताव पर बहादराबाद क्षेत्र में गंगा घाट निर्माण के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ मेला क्षेत्र में विभिन्न अखाड़ों को भूमि आवंटन तय समय पर किया जाए। इसकी मेलाधिकारी स्वयं मॉनिटरिंग करें। साथ ही सभी अखाड़ों, मठों, संत समाज, संस्थाओं, समितियों एवं स्थानीय लोगों से परस्पर समन्वय किया जाए और उनके सुझावों के अनुरूप मेले की तैयारी हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ क्षेत्र में व्यापक स्तर पर अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया जाए।



