ऋषिकेश से चारधाम यात्रा का शुभारम्भ, 19 अप्रैल से खुलेंगे कपाट; प्रशासन ने पूरी की तैयारियां

उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा का काउंटडाउन शुरू हो चुका है। आगामी 19 अप्रैल को अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर गंगोत्री धाम और यमुनोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे, जिसके साथ ही विधिवत चारधाम यात्रा का शुभारम्भ हो जाएगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 22 अप्रैल को केदारनाथ धाम और 23 अप्रैल को बद्रीनाथ धाम के कपाट भी खोले जाएंगे। इस वर्ष पिछले साल की तुलना में अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है, जिससे यात्रा के दौरान रिकॉर्ड संख्या बनने के आसार हैं।
चारधाम यात्रा उत्तराखंड के लिए न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि राज्य की अर्थव्यवस्था की रीढ़ भी मानी जाती है। लाखों लोगों की आजीविका इस यात्रा से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से जुड़ी हुई है। यही वजह है कि राज्य सरकार और प्रशासन हर वर्ष यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए व्यापक तैयारियां करते हैं।
वर्ष 2026 की यात्रा को लेकर भी प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। अब तक विभिन्न रजिस्ट्रेशन सेंटरों पर 2713 श्रद्धालु अपना पंजीकरण करवा चुके हैं और आस्था की इस यात्रा के लिए उत्साह चरम पर है।
ऋषिकेश से यात्रा के औपचारिक शुभारम्भ के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं उपस्थित रहेंगे। वह 19 अप्रैल को सुबह 11 बजे देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं को हरी झंडी दिखाकर आस्था पथ पर रवाना करेंगे। इस कार्यक्रम को लेकर प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।



