चमोली के नीति घाटी में बादल फटने से मची तबाही_ तेज बहाव की चपेट में आया पिकअप वाहन बहा_ पोकलैंड मशीन भी फंसी_ ब्रिज भी बहा_वीडियो बना रहा युवक लगातार चिल्लाते हुए “वह बह गया… वह बह गया” कहता सुनाई दे रहा है।

चमोली जनपद की नीति घाटी में सोमवार शाम हुई भारी बारिश के बाद तमक नाला अचानक उफान पर आ गया। पानी के तेज बहाव में ज्योतिर्मठ-मलारी मोटर मार्ग पर तमक नाले में बना वैली ब्रिज बह गया, जिससे नीति घाटी में वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई है।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, 123 बीआरटीएफ, सुराईथोटा द्वारा निर्मित वैली ब्रिज नाले में अत्यधिक पानी के बहाव के कारण क्षतिग्रस्त होकर बह गया। घटना में एक व्यक्ति और एक वाहन के बहने की सूचना है। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने स्थानीय प्रशासन के साथ एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों को घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया है।
सुरक्षा के मद्देनजर मलारी की ओर से वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रही हैं और राहत एवं बचाव कार्य की तैयारी की जा रही है।
तमक नाले में बढ़े जल प्रवाह के कारण अलकनंदा नदी का जलस्तर बढ़ने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने निचले इलाकों में नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। पुलिस प्रशासन की ओर से मुनादी कर लोगों को सावधानी बरतने और नदी-नालों से दूर रहने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मौसम खराब होने की स्थिति में अनावश्यक यात्रा न करें और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
यह भी पढ़े..
चमोली के नीति वैली के एक वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बादल फटने के बाद तमक गधेरे में पानी का तेज बहाव किस तरह तबाही मचा रहा है। मौके पर मौजूद एक स्थानीय युवक ने पूरी घटना को अपने कैमरे में कैद किया।वीडियो में तेज बहाव की चपेट में आकर एक पिकअप वाहन बहता हुआ दिखाई दे रहा है। वहीं, सड़क पर पोकलैंड मशीन भी पानी के बीच फंसी नजर आ रही है और ऑपरेटर उसे निकालने की कोशिश करता दिखाई दे रहा है।

इस दौरान वीडियो बना रहा युवक लगातार चिल्लाते हुए “वह बह गया… वह बह गया” कहता सुनाई दे रहा है।
वीडियो में पानी की रफ्तार और हालात की भयावहता साफ नजर आ रही है। नीति घाटी में बादल फटने के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और राहत-बचाव टीमों को मौके के लिए रवाना किया गया है।



