
ऋषिकेश। अपनी जबरदस्त कॉमेडी, एक्टिंग और मिमिक्री से दर्शकों को हंसा-हंसा कर लोटपोट करने वाले मशहूर कलाकार सुनील ग्रोवर इन दिनों अपने एक अलग ही अंदाज़ को लेकर सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं।
इस बार सुनील ग्रोवर किसी शो या स्टेज पर नहीं, बल्कि सीधे गंगा किनारे बसे आध्यात्मिक शहर ऋषिकेश के त्रिवेणी घाट पर नज़र आए। वायरल हो रहे वीडियो में वह घाट पर चादर बिछाकर आम लोगों की तरह रात बिताते दिखते हैं।
वीडियो के साथ उन्होंने “तारे ज़मीन पर” लिखकर इसे शेयर किया, जिसके बाद यह क्लिप इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो गई। लोग इसे उनके “सिंपल लाइफ एक्सपेरिमेंट” के तौर पर देख रहे हैं।
बताया जा रहा है कि सुनील ग्रोवर ने उसी इलाके में रात गुजारी, जहां अक्सर साधु-संत, घुमक्कड़ और आध्यात्मिक जीवन जीने वाले लोग गंगा तट पर विश्राम करते हैं। इसी माहौल में उन्होंने भी कुछ समय सामान्य जीवन को महसूस किया।
पवित्र त्रिवेणी घाट त्रिवेणी घाट को मोक्ष और अध्यात्म का प्रमुख केंद्र माना जाता है, जहां हर दिन देश-विदेश से श्रद्धालु पहुंचते हैं।
उनका यह सादगी भरा अंदाज़ सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है और लोग इसे “रियल लाइफ एक्सपीरियंस वाला स्टार मोमेंट” बता रहे हैं।
कई हिट फिल्मों में निभा चुके हैं भूमिका
हाल के दिनों में अमिताभ बच्चन और जावेद अख्तर की मिमिक्री करके सुनील ग्रोवर ने काफी वाहवाही बटोरी थी। एक कार्यक्रम में जब उन्होंने जावेद अख्तर के सामने ही उनकी मिमिक्री की तो मशहूर शायर भी अपनी हंसी नहीं रोक सके। सुनील ग्रोवर अब तक भारत, जवान, गब्बर इज बैक, बागी, गजनी और द लेजेंड ऑफ भगत सिंह जैसी हिट फिल्मों में अपनी भूमिका निभा चुके हैं।
करोड़ों की नेटवर्थ के मालिक
गुत्थी से अपनी पहचान बनाने वाले सुनील ग्रोवर अपनी जड़ों से जुड़े हैं। सुनील की पॉपुलैरिटी पिछले 9 साल में बेतहाशा बढ़ी है। यही वजह है कि उनकी नेटवर्थ भी इन्हीं 9 सालों में सबसे ज्यादा बढ़ी है। फिल्म में काम करने के सुनील को 50 से 60 लाख रुपए मिलते हैं जबकि टीवी पर एक एपिसोड की शूटिंग के लिए वह 10 से 15 लाख रुपए चार्ज करते हैं।
सुनील ग्रोवर को 2022 में पड़ा था दिल का दौरा
सुनील की वाइफ आरती पेशे से इंटीरियर डिजाइनर हैं और दोनों का एक बेटा भी है। साल 2022 में सुनील को दिल का दौरा पड़ा था, जिसके बाद उनकी चार बायपास सर्जरी हुई थीं। डॉक्टरों ने उन्हें एक महीने का आराम दिया, लेकिन वे केवल 25 दिन में ही काम पर लौट आए थे।

