एक्सक्लूसिव खबरें

सीमाओं से परे आस्था:40 पाकिस्तानी नागरिकों के जत्थे ने किए हेमकुंड साहिब के दर्शन, ऋषिकेश में रात्रि विश्राम के बाद देहरादून के रास्ते दिल्ली रवाना

– सीमाओं से परे आस्था: हेमकुंड साहिब के दर्शन कर ऋषिकेश लौटे पाकिस्तानी सिख श्रद्धालू, ऋषिकेश से आज पाकिस्तान के लिए हुए रवाना

– 40 पाकिस्तानी नागरिकों के जत्थे ने किए हेमकुंड साहिब के दर्शन, ऋषिकेश में रात्रि विश्राम के बाद देहरादून के रास्ते दिल्ली रवाना

ऋषिकेश। सिख धर्म के पवित्र तीर्थ हेमकुंड साहिब के प्रति आस्था पाकिस्तान के सिख श्रद्धालुओं को उत्तराखंड खींच लाई। लाहौर से उज्बेकिस्तान के रास्ते दिल्ली पहुंचे पाकिस्तानी सिख श्रद्धालुओं का जत्था आठ अक्टूबर को
ऋषिकेश स्थित गुरुद्वारा हेमकुंड साहिब पहुंचा। यहां दर्शन और रजिस्ट्रेशन जैसी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद जत्था चमोली जिले में स्थित श्री हेमकुंड साहिब की यात्रा पर रवाना हुआ। पवित्र धाम के दर्शन करने के बाद श्रद्धालु ऋषिकेश लौट आए और रात्रि विश्राम किया। और आज जत्था देहरादून के रास्ते दिल्ली के लिए रवाना हुआ।

गुरुद्वारा श्री हेमकुंट साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के चेयरमैन सरदार नरिंदरजीत सिंह बिंद्रा ने बताया कि परमजीत सिंह चंडोक, पूर्व सदस्य गुरुद्वारा सीसगंज साहिब प्रबंधक समिति, दिल्ली एवं यात्रा चेयरमैन की देखरेख में 40 पाकिस्तानी नागरिकों का जत्था 12 अक्टूबर की रात करीब 8:53 बजे ऋषिकेश स्थित गुरुद्वारा हेमकुंड साहिब पहुंचा था। इससे पहले नौ अक्टूबर की रात भी इसी यात्रा के तहत श्रद्धालुओं का जत्था ऋषिकेश पहुंचा था। श्रद्धालुओं ने यहां गुरुद्वारे में दर्शन किए और जलपान के बाद विश्राम किया। इसके बाद हेमकुंड साहिब यात्रा के लिए पंजीकरण कराकर अपने वाहनों से चमोली जिले के लिए रवाना हुए थे। करीब 18 वर्षों से पाकिस्तानी श्रद्धालु यह यात्रा करते आ रहे है बीच में कुछ बार टेक्निकल चीजों की वजह से यात्रा में रुकावट आई थी लेकिन अब फिर से यह यात्रा पाकिस्तानी श्रद्धालु ने शुरू कर दी है।

हिमालय की ऊंची पर्वत श्रृंखलाओं के बीच स्थित हेमकुंड साहिब सिख समुदाय के प्रमुख तीर्थस्थलों में शामिल है। हर वर्ष देश-विदेश से श्रद्धालु कठिन पहाड़ी मार्ग तय कर इस पवित्र धाम के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। पाकिस्तान से आए सिख श्रद्धालुओं के लिए भी यह यात्रा धार्मिक आस्था और आध्यात्मिक अनुभूति से जुड़ी रही। और श्रद्धालु न केवल खुश दिखे बल्कि उन्होंने उत्तराखंड सरकार द्वारा दी जा रही व्यवस्थाओं की भी जमकर तारीफ की। पाकिस्तानी श्रद्धालु अमरजीत सिंह और सतवंत कौर ने अपनी यात्रा का अनुभव साझा करते हुए कहा कि यात्रा बहुत सुखद और अच्छी रही और भविष्य में भी दोबारा यात्रा करने का अवसर मिला तो जरूर आएंगे।

रात्रि विश्राम के बाद आज जत्थे ने सुबह करीब 11:30 बजे ऋषिकेश स्थित गुरुद्वारा हेमकुंड साहिब से देहरादून के लिए प्रस्थान किया। यहां एएफआरआरओ कार्यालय में एग्जिट परमिट संबंधी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद श्रद्धालु दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के रास्ते दिल्ली रवाना होंगे।

पाकिस्तान से आए श्रद्धालुओं की इस यात्रा ने एक बार फिर धार्मिक आस्था और आध्यात्मिक जुड़ाव की उस भावना को रेखांकित किया, जो देश की सीमाओं से परे भी लोगों को अपने पवित्र तीर्थस्थलों से जोड़ती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button