आस्थाटिहरी-गढ़वाल

मां कुंजापुरी मेले की स्वर्ण जयंती का सीएम धामी ने किया उद्घाटन

नौ दिवसीय मेले में लोक संस्कृति की झलक, पर्यटन और विकास योजनाओं पर दिया जोर

नरेंद्रनगर।
 मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को नरेंद्रनगर के सामुदायिक मैदान में मां श्री कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले की स्वर्ण जयंती का ध्वजारोहण कर शुभारंभ किया। 11 से 19 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले नौ दिवसीय राज्यस्तरीय मेले के उद्घाटन अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न आकर्षक झांकियों का अवलोकन किया। उन्होंने शहीद स्थल पर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ मां कुंजापुरी के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर पूजा-अर्चना की। इसके बाद विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन कर विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 1974 से आयोजित हो रहा यह मेला उत्तराखंड की लोक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और गौरवशाली परंपराओं का प्रतीक है। पांच दशक की यात्रा पूरी कर चुका यह आयोजन धार्मिक महत्व के साथ पर्यटन, व्यापार और क्षेत्रीय विकास को भी बढ़ावा दे रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्थानीय उत्पादों, होमस्टे, कृषि और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देकर युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने तथा पलायन रोकने की दिशा में काम कर रही है। टिहरी झील के चारों ओर रिंग रोड और पर्यटन मार्ग सहित नरेंद्रनगर क्षेत्र में पॉलिटेक्निक के उच्चीकरण, केंद्रीय विद्यालय, विधि महाविद्यालय, गजा अस्पताल के उच्चीकरण और करीब 50 करोड़ रुपये की सीवर लाइन जैसी योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों के विकास और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण से उत्तराखंड में पर्यटन को नई पहचान मिल रही है। वन एवं स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने मेले की स्वर्ण जयंती पर बधाई देते हुए इसे लोक संस्कृति, खेल और पर्यटन को प्रोत्साहित करने वाला महत्वपूर्ण आयोजन बताया।
मेले के शुभारंभ पर छोलिया नृत्य, महिषासुर मर्दिनी, नरसिंह अवतार, मां कुंजापुरी, माखन होली और बदलता नरेंद्रनगर जैसे विषयों पर आधारित झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। विद्यालयों के विद्यार्थियों और सांस्कृतिक दलों ने भी प्रतिभाग किया। मेले में खेलकूद, विद्यालयी प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ पद्मश्री डॉ. बसंती बिष्ट, संगीता ढौंडियाल, मीना राणा, किशन महिपाल, नरेंद्र सिंह नेगी, पांडवाज बैंड और अन्य कलाकार प्रस्तुतियां देंगे। समापन पर पद्मश्री प्रीतम भरत्वाण का जागर गायन प्रस्तावित है। इस अवसर पर जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल, एसएसपी श्वेता चौबे, महापौर शंभू पासवान, नगर पंचायत अध्यक्ष विनीता बिष्ट सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button