उत्तराखंडसुरक्षा

कांवड़ मेले में सुरक्षा पर एडीजी वी. मुरुगेशन सख्त, पुलिस को दिए श्रद्धालुओं से मधुर व्यवहार और सतर्कता के निर्देश

  1. कांवड़ मेले की तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए अपर पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) वी. मुरुगेशन ने टिहरी, पौड़ी और देहरादून जनपद के पुलिस अधिकारियों और जवानों के साथ विशेष ब्रीफिंग की। उन्होंने कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश देते हुए कहा कि बाहरी राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

ब्रीफिंग के दौरान एडीजी वी. मुरुगेशन ने पुलिस बल को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कांवड़ियों और श्रद्धालुओं के साथ शालीन और मधुर व्यवहार रखा जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस का व्यवहार ऐसा होना चाहिए जिससे श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो और वे सुरक्षित व सहज वातावरण में अपनी यात्रा पूरी कर सकें।

उन्होंने पुलिस अधिकारियों को संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर विशेष नजर बनाए रखने के निर्देश भी दिए। एडीजी ने कहा कि मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, इसलिए सुरक्षा के हर पहलू पर सतर्कता जरूरी है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

बैठक में पार्किंग व्यवस्था, यातायात संचालन, भोजन स्थलों की सुरक्षा और मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। एडीजी ने कहा कि भीड़ प्रबंधन और ट्रैफिक संचालन के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

मानसून को देखते हुए उन्होंने गंगा घाटों और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और जल पुलिस की प्रभावी तैनाती सुनिश्चित करने को कहा, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत और बचाव कार्य किया जा सके।

एडीजी वी. मुरुगेशन ने कांवड़ियों और स्थानीय नागरिकों से भी पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से ही कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सफल बनाया जा सकता है।

बैठक में आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, डीआईजी क्राइम एवं लॉ एंड ऑर्डर धीरेंद्र गुंज्याल, एसएसपी श्वेता चौबे, एसएसपी सर्वेश पंवार, एसएसपी प्रमेन्द्र डोभाल सहित तीनों जनपदों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
बाइट: वी मुरुगेशन, एडीजे लॉ एंड ऑर्डर

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button