उत्तराखंड

लच्छीवाला नेचर पार्क की आय में डेढ़ गुना बढ़ोतरी, तीन माह में 1.50 करोड़ रुपये का राजस्व

पर्यटकों की संख्या 1.12 लाख से बढ़कर 1.63 लाख पहुंची, बेहतर प्रबंधन और सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं का दिखा सकारात्मक असर

डोईवाला।
लच्छीवाला नेचर पार्क ने पर्यटन और राजस्व के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है। वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (1 अप्रैल से 30 जून 2026) में पार्क की आय बढ़कर करीब 1 करोड़ 50 लाख रुपये पहुंच गई, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह लगभग 1 करोड़ रुपये थी। वहीं पर्यटकों की संख्या भी 1 लाख 12 हजार से बढ़कर 1 लाख 63 हजार से अधिक हो गई। तीन माह के भीतर आय और पर्यटकों की संख्या में हुई यह उल्लेखनीय वृद्धि पार्क में बेहतर प्रबंधन, सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं और पर्यटक सुविधाओं में किए गए सुधारों का परिणाम मानी जा रही है।
इस उपलब्धि का श्रेय काफी हद तक तत्कालीन महिला रेंज अधिकारी मेधावी कीर्ति के कार्यकाल को दिया जा रहा है। उन्होंने 10 जुलाई 2025 को कार्यभार संभालने के बाद पार्क में स्वच्छता, सुरक्षा, टिकट व्यवस्था और पर्यटक सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए कई सुधारात्मक कदम उठाए। नियमित निगरानी और अनुशासित प्रबंधन के चलते पार्क की छवि बेहतर हुई, जिससे पर्यटकों का विश्वास बढ़ा और उनकी संख्या में लगातार इजाफा हुआ। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि 16 जून 2026 को गंभीर सिंह धमान्दा द्वारा कार्यभार संभालने के बाद भी पूर्व में विकसित व्यवस्थाओं का सकारात्मक प्रभाव बना हुआ है। अधिकारियों के अनुसार, यदि इसी प्रकार व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ किया जाता रहा तो आने वाले समय में लच्छीवाला नेचर पार्क पर्यटन और राजस्व—दोनों क्षेत्रों में नए रिकॉर्ड स्थापित कर सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button