वीकेंड पर फिर पटरी से उतरी ट्रैफिक व्यवस्था, ट्रैफिक पुलिस के एबीसी प्लान से लोगों को ट्रैफिक से मिली निजात

चारधाम यात्रा के परवान चढ़ते ही तीर्थनगरी चारधाम यात्रियों और पर्यटकों से खचाखच भर गई है। तीर्थनगरी की सड़कों पर यातायात का बुरा हाल रहा। क्षेत्र में हजारों की तादात में अपने निजी वाहनों से पहुंचने वाले लोगों के कारण ऋषिकेश, मुनिकीरेती से लेकर तपोवन तक के पूरे क्षेत्र में यातायात व्यवस्था पटरी से उतरी रही।
हरिद्वार रोड, देहरादून रोड, लक्ष्मण झूला मार्ग, चंद्रभाग पुल, पर वाहनों की लंबी कतारों के चलते सुबह से ही ट्रैफिक व्यवस्था पटरी से उतरनी शुरू हो गई थी। हालांकि पुलिस प्रशासन द्वारा यातायात व्यवस्था को सुधारने की कवायद लगातार की जाती रही। दोपहर बाद नेपाली फार्म से ऋषिकेश के लिए ट्रैफिक डायवर्ट किया गया। जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
आज सुबह से ही आसमान में बादल भी छाए रहे। जिससे तेज धूप से लोगों को राहत मिली, लेकिन वर्षा न होने के कारण उमस ने लोगों को खूब सताया। वहीं, यात्रा व पर्यटन सीजन होने के कारण इन दिनों तीर्थनगरी के सभी होटल, आश्रम व धर्माशालाएं पैक चल रही हैं। गर्मियों के साथ राफ्टिंग व्यवसाय भी पीक पर है। रंगबिरंगी राफ्टों से गंगा अटी पड़ी है। राफ्टिंग के लिए पर्यटकों की आमद इस कदर उमड़ी कि कई पर्यटकों को राफ्टें भी नहीं मिल पाईं। दरअसल राफ्टिंग व कैंपिंग की डिमांड इस कदर बढ़ गई है कि एडवांस बुकिंग पर ही पर्यटकों को सुविधाएं मिल पा रही।
ऋषिकेश में वीकेंड पर ट्रैफिक प्लान से मिली राहत
एसपी ट्रैफिक लोकजीत सिंह ने बताया कि वीकेंड पर यातायात को सुचारू, सुव्यवस्थित रूप से चलाने को ट्रैफिक पुलिस की ओर से पहले ही प्लान तैयार कर लिया गया था। परिस्थितियों के अनुसार को यातायात प्रबन्धन से सम्बन्धित प्लान A ,B और C बनाये गये है। जो यातायात का अत्याधिक दबाव होने पर लागू किया गया।
इस दौरान एसपी ट्रैफिक ने नो पार्किंग जोन में वाहन खडा ना करने, धैर्य रखें, हॉर्न का अनावश्यक प्रयोग न करने, यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करने की अपील की।



