ऋषिकेश में मिली मारिया, बुलावे पर बेलारूस पहुंचा भारतीय यूट्यूबर, गांव के स्कूल में कुर्ते में सिखाया ‘नमस्ते’

ऋषिकेश। इंटरनेट पर इन दिनों ऋषिकेश से शुरू होकर बेलारूस के एक छोटे से गांव तक पहुंची दोस्ती की कहानी खूब वायरल हो रही है। भारतीय यूट्यूबर अभिनव रेड्डी की ऋषिकेश में मारिया नाम की एक लड़की से मुलाकात हुई। दोस्ती के बाद मारिया ने उन्हें अपने गांव आने का न्योता दिया। खास बात यह थी कि उसके गांव में पर्यटकों की आवाजाही बेहद कम थी।
मारिया के निमंत्रण को स्वीकार करते हुए अभिनव बेलारूस के उस गांव तक पहुंच गए। उन्होंने अपने पूरे अनुभव का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया, जो इन दिनों तेजी से वायरल हो रहा है। करीब 50 मिनट के इस वीडियो को महज 15 घंटे में एक मिलियन से अधिक बार देखा जा चुका है और व्यूज लगातार बढ़ रहे हैं।
इस यात्रा का सबसे खास और भावुक पल तब आया, जब मारिया अभिनव को अपने पुराने स्कूल लेकर पहुंचीं। अभिनव इस दौरान पश्चिमी परिधान के बजाय पारंपरिक भारतीय कुर्ते में स्कूल पहुंचे। उन्हें देखकर बच्चे और शिक्षक उत्सुक नजर आए।
अभिनव ने बच्चों और शिक्षकों से बातचीत करते हुए भारतीय संस्कृति के बारे में बताया। उन्होंने सभी को दोनों हाथ जोड़कर ‘नमस्ते’ करना भी सिखाया। ऋषिकेश से शुरू हुई यह मुलाकात बेलारूस के एक छोटे से गांव तक पहुंची और अब सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रही है।



