ब्रह्मपुरी के पास रोडवेज बस के ब्रेक फेल, सोनप्रयाग से तीर्थयात्रियों को लेकर आ रही थी ऋषिकेश, सभी यात्री सुरक्षित

उत्तराखंड रोडवेज की रामनगर डिपो की एक बस के ब्रेक फेल होने से बड़ा हादसा टल गया। सोनप्रयाग से तीर्थयात्रियों को लेकर ऋषिकेश आ रही बस ब्रह्मपुरी के पास अनियंत्रित हो गई और बदरीनाथ हाईवे पर ऊपर की ओर बने कलमठ में फंस गई।
हादसे के दौरान बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि बस में सवार सभी यात्री, चालक और परिचालक सुरक्षित बच गए।
बस में रामनगर डिपो के चालक मोहित कुमार और परिचालक वीरेंद्र कुमार ड्यूटी पर तैनात थे। दुर्घटना के बाद परिचालक ने इसकी सूचना ऋषिकेश डिपो की प्रभारी एजीएम अंजलिका शर्मा को दी।
सूचना मिलते ही ऋषिकेश डिपो से दूसरी बस ब्रह्मपुरी भेजी गई, जिसके माध्यम से सभी तीर्थयात्रियों को सुरक्षित ऋषिकेश पहुंचाया गया। वहीं दुर्घटनाग्रस्त बस को हटाने और ऋषिकेश लाने के लिए क्रेन भी मौके पर भेजी गई है।



