

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को अपने जन्मदिन के मौके पर देहरादून स्थित राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान (NIEPVD) पहुंचकर दिव्यांग बच्चों के साथ जन्मदिन मनाया। मुख्यमंत्री ने बच्चों के बीच केक काटा और उनके साथ समय बिताया। बच्चों ने मुख्यमंत्री के लिए जन्मदिन का गीत गाया, जिसे सुनकर धामी भावुक नजर आए।
बच्चों से किया संवाद
मुख्यमंत्री ने बच्चों के बीच जाकर उनसे बातचीत की और उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि बच्चों के साथ बिताया गया समय नई ऊर्जा और प्रेरणा देता है। हर बच्चे में प्रतिभा और संभावनाएं होती हैं। उन्हें आगे बढ़ने के लिए अवसर, प्रोत्साहन और विश्वास मिलना जरूरी है।
सहानुभूति के साथ सशक्तिकरण पर जोर
सीएम धामी ने कहा कि दिव्यांगजनों का सशक्तिकरण केवल सरकारी प्रयासों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज की सामूहिक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि इन बच्चों को सिर्फ सहानुभूति नहीं, बल्कि उन्हें सक्षम बनाने के लिए अवसर और सहयोग भी मिलना चाहिए।
उन्होंने बच्चों से अपने लक्ष्य की ओर आत्मविश्वास और उत्साह के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिव्यांग बच्चे अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
जन्मदिन को बताया खास अनुभव
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके लिए बच्चों के बीच समय बिताना जन्मदिन का सबसे विशेष और यादगार उपहार है। उन्होंने कहा कि हर सुबह एक नए दिन की शुरुआत होती है और इसी भाव के साथ वह अपने जन्मदिन पर बच्चों के बीच आने का प्रयास करते हैं।
उन्होंने कहा कि NIEPVD के बच्चों को आगे बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार की ओर से कई योजनाएं और प्रयास किए जा रहे हैं। संस्थान देहरादून में दृष्टिबाधित बच्चों को शिक्षा, प्रशिक्षण और पुनर्वास से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराता है।
युवा संकल्प दिवस के रूप में मना रहे युवा
सीएम धामी ने बताया कि प्रदेश के युवा उनके जन्मदिन को युवा संकल्प दिवस के रूप में मना रहे हैं। उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि समाज में हर व्यक्ति को समान अवसर, सम्मान और आगे बढ़ने के लिए अनुकूल वातावरण मिलना चाहिए।



