एक्सक्लूसिव खबरेंपर्यटन
आज से गंगा में रिवर राफ्टिंग शुरू

उत्तराखंड में एडवेंचर स्पोर्ट्स के शौकीनों और पर्यटन कारोबारियों के लिए बड़ी खबर है। उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद ने राज्य की विभिन्न नदियों में रिवर राफ्टिंग और क्याकिंग गतिविधियों के संचालन के लिए अस्थायी अनुमति प्रदान कर दी है। पर्यटन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार उत्तराखंड रिवर राफ्टिंग क्याकिंग नियमावली-2014 के तहत वर्ष 2026-27 के लिए पंजीकृत राफ्टिंग फर्मों को यह सशर्त स्वीकृति दी गई है। जिन राफ्टिंग फर्मों ने नवीनीकरण हेतु आवेदन किया है, उन्हें आगामी 23 सितंबर 2026 से 45 दिनों के लिए अस्थायी रूप से राफ्टिंग गतिविधियां प्रारंभ करने की अनुमति दी गई है। अब गंगा, यमुना, काली, टोंस, गोरी, कोसी, अलकनंदा, पिंडर, सरयू, रामगंगा, भागीरथी, और धौली गंगा नदियों में राफ्टिंग का संचालन हो सकेगा। उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल द्वारा जारी इस आदेश के बाद ऋषिकेश सहित प्रदेशभर के राफ्टिंग संचालकों और पर्यटकों में खुशी की लहर है।



