परमार्थ निकेतन के स्वामी चिदानंद ने राज्यपाल को दी बधाई
सिवनी से देवभूमि पहुंचे राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन, संतों ने हरित अभिनंदन कर किया स्वागत

मध्य प्रदेश के सिवनी से देवभूमि उत्तराखंड पहुंचे राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन का परमार्थ निकेतन में संतों ने हरित अभिनंदन कर स्वागत किया। इस अवसर पर परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती, योगगुरु स्वामी रामदेव और अन्य संतों ने उन्हें उत्तराखंड के राज्यपाल का दायित्व मिलने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी उपस्थित रहे।
संतों ने डॉ. ढाल सिंह बिसेन के सफल कार्यकाल की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में संवैधानिक मूल्यों, सामाजिक सद्भाव, जनहित और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि राज्यपाल का दायित्व जनसेवा, लोककल्याण और संवैधानिक मर्यादाओं के प्रति प्रतिबद्धता का महत्वपूर्ण अवसर है।
स्वामी चिदानंद सरस्वती ने राज्यपाल को नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं देते हुए जनकल्याण और समाजहित में कार्य करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की आध्यात्मिक परंपरा, प्राकृतिक संपदा और सांस्कृतिक विरासत देश-दुनिया के लोगों को आकर्षित करती है। ऐसे में प्रदेश के विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक समरसता को भी प्राथमिकता देना आवश्यक है।



