अलकनंदा नदी में गिरी कार,तीन की मौत, राजस्थान से 8 श्रद्धालु आए थे चारधाम यात्रा पर

बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर देवप्रयाग क्षेत्र में गंगा होटल दर्शन के समीप मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। चारधाम यात्रा कर राजस्थान के जैसलमेर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी कार करीब 200 मीटर गहरी खाई में गिरकर अलकनंदा नदी में समा गई। हादसे के बाद पुलिस, राजस्व विभाग और एसडीआरएफ की टीमों ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया।
जानकारी के अनुसार वाहन संख्या UK 08 TA में चालक समेत कुल आठ लोग सवार थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की श्रीनगर, व्यासी और ढालवाला इकाइयों को मौके पर भेजा गया। सबसे पहले व्यासी इकाई की छह सदस्यीय टीम घटनास्थल पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। देवप्रयाग पुलिस और राजस्व विभाग की टीम भी मौके पर मौजूद रही।
रेस्क्यू अभियान के दौरान एक घायल बच्चे को सुरक्षित निकालकर उपचार के लिए श्रीकोट बेस अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं दो पुरुष अचेत अवस्था (मृत अवस्था) में मिले हैं। अन्य यात्रियों का अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन दुर्घटना के बाद अलकनंदा नदी में समा गया, जिससे कई लोगों के नदी के अंदर गाड़ी में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।
खाई की अत्यधिक गहराई और नदी के तेज बहाव के कारण राहत एवं बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। लापता व्यक्तियों की तलाश के लिए एसडीआरएफ की डीप डाइविंग टीम को भी अभियान में लगाया गया है। टीम नदी के गहरे और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में लगातार डाइविंग कर संभावित स्थानों पर सघन खोजबीन कर रही है। जलस्तर और बहाव की प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद खोज अभियान युद्धस्तर पर जारी है।
प्रशासन के अनुसार लापता लोगों की तलाश के लिए सभी उपलब्ध संसाधनों का उपयोग किया जा रहा है। एसडीआरएफ, पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमें लगातार अभियान में जुटी हैं। हादसे ने चारधाम यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल पूरे क्षेत्र में राहत एवं बचाव कार्य जारी है तथा प्रशासन की ओर से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।



