
हल्द्वानी: भवाली स्थित नीम करौली बाबा के कैंचीधाम में होने वाले सालाना मेले से पहले पुलिस महकमे को शर्मिंदा करने वाली खबर सामने आई है। यहाँ ड्यूटी पर तैनात दो सिपाहियों ने कथित तौर पर एक होमस्टे संचालक की बेटी के साथ छेड़खानी कर दी। इस हरकत से गुस्साए ग्रामीणों का सब्र टूट गया। भीड़ ने न केवल दोनों पुलिसकर्मियों की जमकर धुनाई की, बल्कि उन्हें घसीटते हुए पुलिस चौकी ले गए और घंटों हंगामा किया।
रात 11 बजे का वाकया: घर में घुसकर की बदतमीजी
जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार 13 जून रात करीब 11 बजे की है। कैंचीधाम मंदिर के पास स्थित एक होमस्टे में मेले की ड्यूटी के लिए आए दो सिपाही ठहरे हुए थे। आरोप है कि इन सिपाहियों ने होमस्टे मालिक की बेटी के साथ अभद्र व्यवहार और छेड़खानी की। युवती के शोर मचाने पर परिजन और स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और दोनों को रंगे हाथों धर दबोचा।
गुस्साई भीड़ ने सिखाया सबक, पुलिस चौकी पर प्रदर्शन
ग्रामीणों का आक्रोश इतना था कि उन्होंने दोनों सिपाहियों को पीटते हुए कैंचीधाम पुलिस चौकी तक पहुंचाया।सैकड़ों ग्रामीणों ने चौकी घेर ली और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।ग्रामीण ने आरोपियों को तत्काल सस्पेंड करने और जेल भेजने की मांग पर अड़े रहे।क्षेत्र में माहौल देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
एसएसपी का कड़ा रुख: विभाग की छवि खराब करने वालों पर होगी कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए नैनीताल एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने मोर्चा संभाला। उन्होंने दो टूक कहा कि अनुशासनहीनता और महिला सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के लिए पुलिस विभाग में कोई जगह नहीं है। बल को कलंकित करने वाले ऐसे लोगो के साथ कोई नरमी नहीं बरती जाएगी। मैंने दोनों आरोपियों का जनता के सामने मेडिकल कराने और निष्पक्ष जांच के आदेश दिए हैं। दोष सिद्ध होते ही इन्हें कड़ी से कड़ी कानूनी सजा दिलाई जाएगी।



